Monday, 30 March 2020

लॉकडाउन में भी सड़कों पर बढ़ी आवाजाही, सीएम बघेल निकले जायजा लेने

रायपुर
कोरोना संक्रमण से बचने शहर को 14 अप्रैल तक लॉकडाउन किया गया है, लेकिन इसका असर लोगों पर नहीं हो रहा है। पीएम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद देशभर में लॉकडाउन किया गया है, लेकिन रायपुर शहर में इसका पूरी तरह से पालन नहीं हो पा रहा है। लोग जरूरी काम का बहाना करके बाहर घूमने-फिरने निकल रहे हैं। लॉकडाउन के पहले दिन रायपुर पुलिस ने इसका सख्ती से पालन कराया। कहीं चेतावनी दी, तो कहीं लाठी भी चलाया। इससे राजधानी में पूरी तरह से लॉकडाउन हो गया। कोई बेवजह घूमते नजर नहीं आया। और न ही सड़कों पर आवाजाही बढ़ी। सूत्रों के मुताबिक इसके अगले दिन शहर के तमाम नेताओं और कारोबारियों ने पुलिस पर लोगों को छूट देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। दबाव के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों ने को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आने-जाने की छूट दे दी। इसका नतीजा यह हुआ कि शहर की सड़कों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। जरूरतमंद के अलावा अन्य लोग सामान्य दिनों की तरह चहल-कदम करने लगे। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है।
ड्रोन से केवल निगरानी, कार्रवाई नहीं
पुलिस ने शहर में बेवजह घूमने
-फिरने वालों के लिए कई ड्रोन कैमरे लगा रखे हैं। और पिछले तीन दिन से इससे निगरानी भी हो रही है, लेकिन कार्रवाई एक नहीं हुई है। रविवार को शहर में लोग कम निकले, लेकिन अगले दिन सोमवार को फिर सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग आते-जाते नजर आए। पुलिस इनसे पूछताछ करती थी, तो अधिकांश लोगों का
जवाब यही था कि वे अस्पताल जा रहे हैं। सब्जी लेने जा रहे हैं।
सीएम निकले जायजा लेने
लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लेने सोमवार को सीएम भूपेश बघेल स्वयं सड़कों पर निकल पड़े। उन्होंने सब्जी बाजारों और शहर के अन्य स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान सब्जियों, अनाजों की कालाबाजारी के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ जिला कलेक्टर-एसपी भी थे।

No comments: