Saturday 9 May 2020

गंगा इमली खाते-खाते अजीत जोगी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

0 छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री हैं अजीत
0 गंगा इमली का बीज गले में फंसने से कॉर्डियक अरेस्ट हुआ
0 वेंटीलेटर पर हैं जोगी
रायपुर.
छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी की शनिवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें गंभीर अवस्था में नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालात गंभीर बनी हुई है। पांच डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में लगी हुई है। बताया जाता है कि दोपहर करीब 12.30 बजे वे अपनी व्हीलचेयर से गार्डन में घूम रहे थे। इस दौरान उन्होंने गंगा इमली खाया। गंगा इमली खाते समय बीज उनके गले में फंस गया। इससे सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसकी सूचना परिजनों ने अस्पताल में दी। अस्पताल से डॉक्टरों की टीम सागौन बंगले पहुंची। उन्हें बंगले में ही सीपीआर दी गई। फिर उन्हें सीपीआर देते हुए अस्पताल लाया गया।
अस्पताल की ओर से दोपहर को जारी प्रथम बुलेटिन के मुताबिक जोगी को बंगले में ही कार्डियक अरेस्ट आ चुका था। अस्पताल में उपचार के बाद उनका ईसीजी और पल्स चालू हो गई। इससे उनका हृदय सामान्य होने लगा। हालांकि श्वसनतंत्र सामान्य नहीं हो पाया है। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया। और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताया है। उल्लेखनीय है कि इस घटना से पहले अब तक उनकी दो बार हार्ट सर्जरी हो चुकी है।
सीएम ने की बात
सीएम भूपेश बघेल ने अजीत जोगी की तबीयत को लेकर उनके बेटे अमित जोगी से बात की और उनका हाल जाना। उन्होंने शासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पूर्व सीएम डॉक्टर रमन सिंह ने भी उनकी पत्नी को फोन करके जोगी का हाल जाना। अस्पताल में जोगी समर्थकों की भीड़ लग गई है। उनके परिजन और मित्र अस्पताल पहुंच गए। इसके अलावा अन्य पार्टी के लोग भी पहुंचे।
प्रथम मुख्यमंत्री हैं जोगी
अजीत जोगी छत्तीसगढ़ राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री हैं। राज्य बनने के बाद तीन साल तक मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली और 15 साल तक डा. रमन सिंह मुख्यमंत्री रहे। वर्तमान में कांग्रेस के भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं। जोगी शासनकाल में भूपेश केबीनेट मंत्री थे।
मौत को दी मात

वर्ष 2004 में लोकसभा चुनाव के दौरान महासमुंद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। इस दौरान राजिम से देवभाग प्रचार करने जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार एक पेड़ से टकरा गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आने से शरीर के नीचे का हिस्से पेरालाइज्ड हो गया। उन्हें गंभीर अवस्था में एमएमआई में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें मुंबई ले जाया गया। वहां उपचार से उनकी हालात में सुधार हुआ। इसके बाद से जोगी व्हीलचेयर पर हैं।

हमेशा चर्चा में रहे
छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री के बनने से लेकर अब तक जोगी हमेशा सुर्खियों में रहे हैं. अंतागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मंतूराम पवार मतदान से पहले चुनाव मैदान से अचानक हट गए। इससे भाजपा प्रत्याशी को एकतरफा जीत मिली। मंतूराम के मामले में खरीद-फरोख्त होने का आरोप लगा। इसके बाद अजीत जोगी और उनके बेटे अमित जोगी ने कांग्रेस छोड़ दिया। हालांकि अभी तक मंतूराम के मामले में लगे आरोप साबित नहीं हो पाए हैं। इसके बाद जोगी ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस का गठन किया। और पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा। उनकी पार्टी से पांच विधायक चुनकर आए। जोगी मरवाही से चुनाव जीते और उनकी पत्नी रेणु कोटा से विधायक हैं। 

No comments: